46 वर्षीय प्रमोद सावंत गोवा में बीजेपी के अकेले विधायक हैं जो आरएसएस काडर से हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले वो गोवा में पार्टी के प्रवक्ता और गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रहे हैं।
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद उनकी जगह सूबे की कमान प्रमोद सावंत को मिली है। बता दें कि सोमवार को आधी रात में राज्यपाल ने प्रमोद सांवत को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके साथ-साथ महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी के 11 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।
गोवा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की पत्नी ने मंगलवार को कहा कि उनके पति के पूर्ववर्ती दिवंगत मनोहर पर्रिकर दंपति के लिए पिता समान थे। गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला इकाई की अध्यक्ष सुलक्षणा सावंत ने सोमवार रात राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा, “हमारे लिए आज का दिन मिली-जुली भावनाओं का दिन है। हमने अपने महान नेताओं में से एक मनोहर पर्रिकर को खोया जो हमारे लिए पिता समान थे। सिर्फ उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन के कारण यह संभव हो सका।”
उन्होंने कहा, “खुशी से ज्यादा इस समय हम जिम्मेदारी का एहसास कर रहे हैं।”
आग्न्याशय कैंसर से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का रविवार को निधन होने के बाद गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद सावंत ने सोमवार आधी रात को गोवा के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
आसान नहीं रहा आयुर्वेद के डॉक्टर से मुख्यमंत्री तक का सफर
भाजपा में प्रमोद सावंत के राजनीतिक करियर की शुरुआत युवा नेता के रूप में हुई थी। वह दिवंगत पर्रिकर के पक्के समर्थक थे और उन्होंने उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। प्रमोद सावंत ने 2012 और 2017 में उत्तरी गोवा के संखालिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की थी जो कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था।
वह भाजपा के उन गिने चुने विधायकों में से हैं जो दो साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से दोबारा विजयी हुए थे। इस चुनाव में पार्टी को केवल 13 सीटें मिलीं, जबकि 2012 में इसने 21 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बहरहाल, पर्रिकर के प्रयासों से 2017 में भाजपा नीत गठबंधन सरकार बनी जिसमें गोवा फॉरवर्ड पार्टी, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और निर्दलीय विधायक शामिल थे।
प्रमोद सावंत को विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित किया गया था। वह गोवा राज्य अवसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष भी रहे। तटीय राज्य में विभिन्न अवसंरचना कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए इस निगम की स्थापना पर्रिकर ने की थी। नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सावंत के पास महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला स्थित गंगा एजुकेशन सोसाइटी आयुर्वेदिक कॉलेज से बीएएमएस की डिग्री है। उनकी पत्नी सुलक्षणा गोवा में भाजपा महिला मोर्चा की प्रमुख हैं।