कांग्रेस और बीजेपी ने 5-5 और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

ऩई दिल्ली:  कांग्रेस ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की चार सीटों के साथ ही लोकसभा की पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से विश्वरूप मंडल, घाटल से खांडकर एम. सैफुल्ला, तामलुक से लक्ष्मण चंद्र सेठ को टिकट दिया गया है। सेठ पूर्व में माकपा नेता थे। सैयद शाहिद इमाम को उत्तर कोलकाता से टिकट दिया गया है। ओडिशा में पूर्व प्रदेश प्रमुख सरत पटनायक को संबलपुर से टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों की भी सूची जारी की।

इससे पहले बुधवार को, भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने भी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की पांच और सीटों के लिए उम्मीदवारों की एक सूची जारी की। भाजपा ने गांधी परिवार के करीबी रहे कांग्रेस से एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ रायबरेली से प्रत्याशी बनाया है। उन्हें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सदस्यता दिलाई थी। दिनेश प्रताप के भाई राकेश सिंह हरचंदपुर से कांग्रेस के विधायक हैं। रायबरेली सीट 13 बार से कांग्रेस के पास है।

भाजपा ने आजमगढ़ सीट पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने भोजपुरी फिल्म स्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट से पिछली बार अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव ने जीत दर्ज कराई थी। निरहुआ ने अखिलेश यादव की पार्टी के लिए प्रचार भी किया था। हाल ही में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *