जेटली को प्रमुख नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके आवास पर लाया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जैसे बड़े नेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद जेटली को नौ अगस्त को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था और शनिवार को उनका निधन हो गया। यहां से दक्षिणी दिल्ली में कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास में उनके पार्थिव शरीर को लाया गया।

दिल्ली पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के निवास के आसपास के क्षेत्र पर बेरिकेट्स लगा दिए हैं और वीवीआईपी व वीआईपी की मूवमेंट के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी कर दी है।

केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद हंस राज हंस और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता भी जेटली के आवास पर उनके दर्शन करने पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री पासवान ने कहा, “यह मेरा व्यक्तिगत नुकसान है, लेकिन भारतीय राजनीति के लिए यह उससे भी बड़ी क्षति है।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, हरदीप सिंह पुरी, जितेंद्र सिंह, अनुराग ठाकुर, राज्यवर्धन सिंह राठौर, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी उन नेताओं में से थे, जो अरुण जेटली के निधन की खबर सुनकर तुरंत एम्स पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री हर्ष वर्धन शनिवार सुबह से ही अस्पताल में थे। गीता लूथरा उन वरिष्ठ वकीलों में से थी, जो अस्पताल में मौजूद थी।

पार्टी के सूत्रों ने कहा कि जेटली का अंतिम संस्कार रविवार को निगम बोध घाट में किया जाएगा।

पार्टी के एक अधिकारी ने कहा, “रविवार सुबह 10 बजे जेटली जी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए भाजपा मुख्यालय में रखा जाएगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार निगम बोध घाट में होगा।”

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *