झारखंड : हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में 7 नए मंत्री


झारखंड में सरकार के गठन के एक माह बाद मंगलवार को हेमंत सोरेन कैबिनेट का विस्तार हो गया। हेमंत कैबिनेट के पहले विस्तार में सात मंत्रियों ने शपथ ली है। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शाम चार बजे राजभवन के खचाखच भरे बिरसा मंडप में सातों मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। झामुमो कोटे से पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनमें चंपई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी और मिथिलेश ठाकुर शामिल हैं।

वहीं, कांग्रेस कोटे से मंत्री पद की शपथ लेनेवाले दो विधायकों में बन्ना गुप्ता तथा बादल पत्रलेख शामिल हैं। हेमंत की टीम के मंत्रियों में जगरनाथ महतो, बादल पत्रलेख और मिथिलेश कुमार ठाकुर पहली बार मंत्री बने हैं, जबकि अन्य को पहले भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने का मौका मिल चुका है। हेमंत सोरेन कैबिनेट में जगह पाने वाली एकमात्र महिला जोबा मांझी हैं। जोबा भी पूर्व की कई सरकारों में भी मंत्री रह चुकी हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सहयोगी मंत्रियों को मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई देते हुए कहा कि हम सब टीम झारखंड हैं और मिलकर विकास की नयी इबारत लिखेंगे। सीएम ने चम्पाई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी, बन्ना गुप्ता, बादल और मिथिलेश कुमार ठाकुर को झारखंड राज्य के मंत्री पद की शपथ लेने पर उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंत्रिमंडल ही नहीं बल्कि टीम झारखंड है। हम सब मिलकर विकास की नयी इबारत लिखेंगे। हमारी टीम राज्य की विकास यात्रा को गति देने एवं हर एक झारखंडी के सपनों को पूरा करने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा आइये हम सब मिलकर अपने झारखंड और भारत की समृद्धि के लिए काम करें।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *