दिल का दौरा पड़ने से सूडान के रक्षा मंत्री का निधन

जुबा। सूडान के रक्षा मंत्री जनरल गमाल अल-दीन उमर का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। जनरल उमर को दिल का दौरा उस समय पड़ा जब वह पड़ोसी दक्षिण सूडान की आधिकारिक यात्रा पर थे। यह जानकारी सूडान के सैन्य एवं सरकारी अधिकारियों ने दी।

अधिकारियों ने कहा कि उमर दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा में थे और वह अपने देश की सरकार और विद्रोही समूहों के बीच शांति वार्ता में हिस्सा ले रहे थे।

अधिकारियों ने कहा कि उमर मंगलवार देर रात तक चली बैठकों में शामिल हुए और बुधवार तड़के उनका निधन हो गया। इस बारे में और कोई विस्तृत जानकारी नहीं है।अधिकारियों ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि वे मीडिया से बात करने के लिए अधिकृत नहीं थे।

उमर सूडान की संप्रभु परिषद के सदस्य थे, जिसने पिछले साल देश के सैन्य और लोकतंत्र समर्थक आंदोलन के बीच 39 महीने के सत्ता साझा करने के समझौते के तहत सत्ता संभाली थी। इस आंदोलन ने पूर्व तानाशाह राष्ट्रपति उमर अल-बशीर के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया था।संप्रभु परिषद के प्रमुख जनरल अब्दुल फतह बुरहान ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उन्हें उमर के निधन पर दुख है जिनका ‘‘सूडान की स्थिरता के लिए संघर्ष करते हुए निधन हो गया।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *