मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सोमवार देर रात 12 बजे से भोपाल और जबलपुर में कर्फ्यू लगा दिया गया। भोपाल कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने भास्कर को बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसके आदेश दिए। अब तक भोपाल और जबलपुर में 7 मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले प्रदेश के 43 जिलों को भी लॉकडॉउन कर दिया गया। वहीं, केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों के डीजीपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्देश दिए कि लॉकडाउन को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाए।
लॉकडाउन किए गए जिलों में अलग-अलग समयावधि रहेगी। इन जिलों में धारा 144 भी लागू की गई है। यहां इसका असर भी देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह से लोगों ने दूध और सब्जी खरीदी। जरूरत का सामान लेने के बाद अपने घरों में चले गए। प्रशासन ने लोगों से घर से काम करने के लिए कहा है। मध्य प्रदेश के कार्यवाहक स्वास्थ्य मंत्री तरुण भनोट ने बताया कि सभी 6 कोरोना पॉजिटिव की हालत स्थिर है। प्रदेश में अब तक 75 नमूने लिए जा चुके हैं। 48 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबलपुर से 5 कोरोनावायरस मरीज सामने आए। ये लोग 4 हजार से अधिक लोगों के संपर्क में आए। भोपाल कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने मीडिया से कोरोना पॉजिटिव की पहचान उजागर नहीं करने की अपील की है।