यूरोपीय संसदीय चुनाव : 178 सीटों के साथ ईपीपी आगे

ब्रसेल्स| यूरोपीय संसदीय चुनाव में 178 सीटों के साथ यूरोपियन पीपुल्स पार्टी (ईपीपी) सबसे बड़ा राजनीतिक समूह बनकर उभरी है। ईपी (यूरोपीय संसद) द्वारा सार्वजनिक किए गए प्रारंभिक नतीजों में यह बात सामने आई है। हालांकि इसकी संभावना है कि ईपीपी को 2014 के मुकाबले 38 सीटें कम मिल सकती हैं।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, रविवार को शुरुआती नतीजों से पता चलता है कि हाल के महीनों में यूरोप में जो लोकलुभावन और राष्ट्रवादी लहर चल रही थी, वह थम सी गई है।

हालांकि, दक्षिणपंथी व राष्ट्रवादी नेता इटली, फ्रांस और हंगरी में जीते तो हैं लेकिन जैसी उम्मीदें उन्हें खुद तथा औरों को थीं, वे उन पर खरे नहीं उतर पाए हैं।

इसके बजाय, ईयू समर्थक ग्रीन और लिबरल दलों ने ईयू को लेकर सशंकित दलों से फिर भी बेहतर किया लेकिन रविवार के वोट के मद्देनजर यूरोपीय राजनीति के और भी अधिक विखंडित होने की संभावना है।

प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, प्रोग्रेसिव अलायंस ऑफ सोशलिस्ट एंड डेमोक्रेट्स (एस एंड डी) ईपी में 152 (पिछली बार की तुलना में 33 कम) सीटों के साथ दूसरा सबसे बड़ा समूह होगा जबकि अलायंस ऑफ लिबरल्स एंड डेमोक्रेट्स फॉर यूरोप समूह (एएलडीई) को पिछले चुनाव की तुलना में 39 सीटें अधिक प्राप्त होंगी और इनकी संख्या इस बार इनके लिए 108 होगी।

2014 के 42 प्रतिशत की तुलना में लगभग 50.5 प्रतिशत पात्र यूरोपीय मतदाताओं ने चुनाव में इस बार भागीदारी की। इसमें ग्रीन्स 67 सदस्यों के साथ चौथा सबसे बड़ा समूह होंगे, जो कि पहले की संसद की तुलना में 15 अधिक है।

यूरोपियन कंजर्वेटिव्स एंड रिफॉमिस्ट्स 61 सीटें प्राप्त करेंगे जो पहले के मुकाबल 16 सीटें कम हैं।

इस बीच, यूरोप ऑफ फ्रीडम एंड डेमोक्रेसी समूह ईपी में 55 सीटों के साथ अपने प्रतिनिधियों को बढ़ाएंगे। फ्रांस के दक्षिणपंथी धड़े की अगुवाई करने वाली मरीन ले पेन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है जो इटली की नॉर्दर्न लीग, ऑस्ट्रिया की एफपीओ (फ्रीडम पार्टी ऑफ आस्ट्रिया), नीदरलैंड्स की पीवीवी (पार्टी फॉर फ्रीडम) और बेल्जियम की व्लाम्स बेलंग जैसी पार्टियों के साथ यूरोप ऑफ फ्रीडम एंड डेमोक्रेसी समूह का हिस्सा हैं।

यूके इंडीपेन्डेस पार्टी (यूकेआईपी) के नाइजेल फराज की अगुवाई वाले यूरोप ऑफ फ्रीडम एंड डेमोक्रेसी ग्रुप को 53 सीटें मिलेंगी।

शुपुआती नतीजों के मुताबिक, लेफ्ट समूह को 13 सीटों का नुकसान होगा, जिससे नए यूरोचैम्बर में इसके सिर्फ 39 सांसद रह जाएंगे।

किसी राजनीतिक समूह के साथ गठबंधन नहीं वाले समूह को सात सीटें मिलेंगी।

स्पेन के वोक्स जैसे नए समूह जो पिछली असेंबली में किसी भी मौजूदा समूह से संबंधित नहीं थे, उन्हें नई संसद में 31 सीटें मिलेंगी।

कुल 751 सदस्य यूरोपीय संसद के लिए चुने जाते हैं।

कई देशों में जहां पहले ही मतदान हो चुके हैं, जैसे क्रोएशिया, चेक रिपब्लिक, स्लोवाकिया में एक्जिट पोल ने मौजूदा सत्ता प्रतिष्ठान विरोधी प्रवृत्ति दर्शाया है। आयरलैंड और नीदरलैंड में सेंटर-राइट और सेंटर लेफ्ट के पहले की अपेक्षा अधिक सीटें जीतने का अनुमान लगाया है।

लेकिन सबसे अधिक आबादी वाले देशों में जैसे जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन और पोलैंड में ओपिनियन पोल ने संकेत दिया कि उदारवादी दल, ईयू के प्रति संदेह रखने वाले दलों और ग्रीन्स से पिछड़ जाएंगे।

यूरोपीय सेंट्रल बैंक के अध्यक्ष सहित यूरोपीय संघ के कई शीर्ष अधिकारियों की नियुक्ति में शक्ति के नए संतुलन को भी प्रतिबिंबित करने की आवश्यकता होगी। यह चयन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी जब यूरोपीय संघ के नेता एक विशेष शिखर सम्मेलन के लिए ब्रसेल्स में मिलेंगे।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *