विश्व कप-2019: टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 6 विकेट से हराया

साउथम्पटन| भारत ने बुधवार को आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से हरा दिया।

भारतीय गेंदबाजों ने द रोज बाउल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दक्षिण अफ्रीका को 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 227 रनों पर रोक दिया था। इस लक्ष्य को भारत ने 47.3 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

भारत के लिए रोहित शर्मा ने शतकीय पारी खेली। उन्होंने 144 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 122 रन बनाए। यह विश्व कप में उनका दूसरा शतक है। रोहित के अलावा भारत के लिए महेंद्र सिंह धोनी ने 34 और लोकेश राहुल ने 28 रनों का योगदान दिया।

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को भारत के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के कारण संघर्ष करना पड़ा, लेकिन अंत में क्रिस मौरिस की 42 रनों की पारी के दम पर वह किसी तरह भारत के सामने 228 रनों का लक्ष्य रखने में सफल रही।

मौरिस के अलावा कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 38, आंदिले फेहुलक्वायो ने 34, डेविड मिलर ने 31, रासी वान डेर डुसेन ने 22 रनों का योगदान दिया।

कागिसो रबाडा 31 रनों पर नाबाद लौटे।

भारत के लिए युजवेंद्र चहल ने चार विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को को दो-दो सफलताएं मिलीं। कुलदीप यादव को एक विकेट मिला।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *