हरियाणा : करनाल में हिंसा पर 800 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज

चंडीगढ़, – हरियाणा के करनाल जिले में किसान महापंचायत आयोजन स्थल पर की गई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सोमवार को 800 से अधिक किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस सार्वजनिक आयोजन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भाग लेना था, मगर उपद्रव के कारण उन्हें कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर हंगामा किए जाने के बाद कैमला गांव में आयोजित होने वाली ‘किसान महापंचायत’ रद्द करनी पड़ी थी। मुख्यमंत्री ने भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी, विपक्षी कांग्रेस और वाम दलों पर लोगों को बर्बरता के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

इससे पहले गुरनाम ने सरकारी ‘किसान महापंचायत’ का विरोध करने की चेतावनी दी थी। अब खट्टर ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर इन नेताओं को लगता है कि वे ऐसे आंदोलन के माध्यम से अपने निहित स्वार्थ पूरा कर सकते हैं, तो वे बहुत गलत समझ रहे हैं, क्योंकि लोग उनकी वास्तविकता जानते हैं और जल्द ही उन्हें सबक सिखाएंगे।”

प्रदर्शनकारी किसानों ने कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ की। वे काले झंडे लिए हुए थे। उन्होंने मेज-कुर्सी तोड़ने के अलावा खट्टर के हेलीकॉप्ट से उतरने के लिए बनाए गए अस्थायी हेलीपैड को भी नुकसान पहुंचाया था।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *