कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की एक पुरानी तस्वीर के साथ एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भाजपा की आलोचना की। राहुल गांधी ने हैशटैग रोल बैक हाइक के साथ ट्वीट ट्वीट किया, मैं भाजपा के इन सदस्यों से सहमत हूं, क्योंकि वे एलपीजी सिलेंडर बहुत ज्यादा 150 रुपए की बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने ईरानी की एक तस्वीर भी संलग्न की, जिसमें वह एलपीजी सिलेंडर व कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन कर रही हैं। राहुल का यह ट्वीट उनके और ईरानी के बीच की कड़ी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को सामने लाता है और याद दिलाता है कि वह अपने पारिवारिक गढ़ अमेठी गंवाने को भूले नहीं हैं। स्मृति ईरानी ने पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी को अमेठी में 2019 के लोकसभा चुनावों में 55,000 के वोटों से हराया था।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी एलपीजी सिलेंडर के दामों में बुधवार को 144.50 प्रति सिलेंडर बढ़ोतरी किए जाने के बाद आई है। इस तरह प्रति सिलेंडर की कीमत 858.50 रुपए हो गई। इस तरह अब बिना सब्सिडी वाला 14.2 किलो का सिलेंडर नई दिल्ली में 858.50 रुपए, कोलकाता में 896 रुपए, मुंबई में 829.50 रुपये और चेन्नई में 881 रुपए में मिलेगा।